सुपेला चौक पर बनेगा बस स्टैंड और ऑटो स्टॉप, जनहित संघर्ष समिति ने SSP को सौंपा ज्ञापन

बेतरतीब खड़े वाहनों से रोज लग रहा जाम, दुर्घटनाओं का भी खतरा; SSP विजय अग्रवाल ने स्थल निरीक्षण कर कार्ययोजना बनाने का दिया आश्वासन

सुपेला चौक पर बनेगा बस स्टैंड और ऑटो स्टॉप, जनहित संघर्ष समिति ने SSP को सौंपा ज्ञापन

भिलाई। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल सुपेला चौक पर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने और यात्रियों की परेशानी दूर करने के लिए बस स्टैंड एवं ऑटो स्टॉप बनाने की मांग उठने लगी है। इस संबंध में जनहित संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने 10 नवंबर को समिति के संरक्षक कन्हैया सोनी के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा।

समिति ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि सुपेला चौक पर रायपुर की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए एक निर्धारित बस स्टॉप और ऑटो स्टैंड बनाया जाए, ताकि लोगों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा आसानी से मिल सके और चौराहे पर यातायात का दबाव कम हो। जनहित संघर्ष समिति के संयोजक शारदा गुप्ता ने बताया कि सुपेला चौक भिलाई का अत्यंत व्यस्त चौराहा है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए आवागमन करते हैं। इसके बावजूद रायपुर की ओर जाने वाली बसों और ऑटो के लिए कोई निर्धारित स्टॉप उपलब्ध नहीं है। ऐसी स्थिति में यात्रियों को सड़क किनारे खड़े होकर बसों और ऑटो का इंतजार करना पड़ता है। वहीं बसें और ऑटो चालक अपनी सुविधानुसार सड़क पर ही वाहन खड़े कर सवारी बैठाते और उतारते हैं। इससे चौराहे पर अव्यवस्थित स्थिति निर्मित होती है और यातायात बाधित होता है।

समिति का कहना है कि सुपेला चौक पर बेतरतीब तरीके से बसों और ऑटो के खड़े होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है। व्यस्त मार्ग पर अचानक रुकने वाले वाहनों से अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। यदि चौक पर व्यवस्थित बस स्टैंड और ऑटो स्टॉप का निर्माण कर दिया जाए तो यात्रियों को निर्धारित स्थान पर वाहन मिल सकेंगे। साथ ही सड़क पर अनावश्यक वाहनों का जमावड़ा कम होगा और यातायात व्यवस्था में भी सुधार आएगा। प्रतिनिधिमंडल द्वारा ज्ञापन सौंपे जाने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने सुबह संबंधित स्थल का निरीक्षण करवाकर आवश्यक जानकारी जुटाने तथा आगे की कार्ययोजना तैयार करने की बात कही। समिति के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस जनहित से जुड़े मुद्दे पर जल्द निर्णय लेकर सुपेला चौक में यात्रियों के लिए स्थायी और व्यवस्थित बस एवं ऑटो स्टॉप की व्यवस्था करेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान जनहित संघर्ष समिति के संरक्षक कन्हैया सोनी, संयोजक शारदा गुप्ता, निशु पांडे, सुभाष शर्मा, सुनील मौर्य, विनोद उपाध्याय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।