भाजपा विधायक का WhatsApp अकाउंट हैक, परिचितों से मांगे जा रहे पैसे
कांकेर विधायक आशाराम नेताम हुए साइबर ठगी का शिकार, आधिकारिक नंबर से भेजे जा रहे आर्थिक मदद के मैसेज; विधायक ने वीडियो जारी कर लोगों को किया सतर्क, पुलिस में शिकायत दर्ज

कांकेर। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब आम नागरिकों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि भी साइबर ठगों के निशाने पर हैं। ताजा मामला कांकेर विधानसभा क्षेत्र से सामने आया है, जहां भाजपा विधायक आशाराम नेताम का आधिकारिक WhatsApp अकाउंट हैक कर लिया गया है। हैकर्स उनके नंबर का इस्तेमाल कर क्षेत्र के लोगों, समर्थकों और परिचितों को मैसेज भेजकर रुपयों की मांग कर रहे हैं।
इस घटना का पता चलते ही विधायक आशाराम नेताम ने वीडियो जारी कर पूरे मामले की जानकारी सार्वजनिक की और लोगों को सावधान रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि उनका आधिकारिक WhatsApp नंबर हैक हो गया है। साइबर अपराधी इस नंबर के माध्यम से उनके परिचितों और क्षेत्रवासियों को संदेश भेजकर पैसों की मांग कर रहे हैं।
विधायक ने वीडियो जारी कर दी चेतावनी
विधायक ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनके WhatsApp नंबर से यदि किसी व्यक्ति को आर्थिक सहायता या पैसे भेजने संबंधी कोई संदेश प्राप्त होता है तो उस पर भरोसा न करें। किसी भी परिस्थिति में संबंधित नंबर पर पैसे ट्रांसफर न करें। उन्होंने समर्थकों, परिचितों और आम जनता से अपील की है कि बिना पुष्टि किए किसी भी तरह का वित्तीय लेन-देन न करें।
पुलिस में शिकायत, साइबर सेल ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि WhatsApp अकाउंट किस तरह हैक किया गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अब तक कितने लोगों को पैसे मांगने वाले संदेश भेजे गए हैं।
जनप्रतिनिधियों के नाम पर ठगी का नया तरीका
साइबर अपराधी अब लोगों का विश्वास जीतने के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम तथा मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर रहे हैं। परिचित व्यक्ति के नंबर से संदेश आने पर लोग कई बार बिना पुष्टि किए पैसे भेज देते हैं। इसी भरोसे का फायदा उठाकर ठग लोगों को अपना शिकार बनाते हैं।