नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट की बिक्री करते 6 आरोपी और अपचारी बालक पकड़े गए
1200 नशीली टैबलेट, 8 मोबाइल और 2 एयर गन बरामद


भिलाई। थाना सुपेला पुलिस ने नशीली एवं प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अपचारी बालक को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने अटल आवास, आशाराम बापू आश्रम मैदान के पास घेराबंदी कर सभी को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अटल आवास स्थित आशाराम बापू आश्रम मैदान के पास कुछ लोग नशीली टैबलेट बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 0.5 एमजी की 1200 नग अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की। इसके अलावा 8 मोबाइल फोन, टैबलेट बिक्री से मिले ₹1,400 और 2 एयर गन भी जब्त की गईं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों से आरोपियों के नशीली टैबलेट की बिक्री कर अवैध आर्थिक लाभ कमाने की गतिविधि में शामिल होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें साहिल शेख (24), योगेश कुमार साहू (18), अम्रन साहू (21), मयंक यादव (20), जानी यादव (22) और समीर ठाकुर (21) शामिल हैं। इसके अलावा एक अपचारी बालक को भी संरक्षण में लिया गया है। नाबालिग की पहचान संबंधी जानकारी कानून के तहत सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 1413/2026 में धारा 8(c) सहपठित धारा 22 NDPS Act के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। वहीं, बरामद एयर गन के तकनीकी विनिर्देश और लागू कानूनी प्रावधानों के आधार पर अलग से कार्रवाई की जाएगी।
बरामदगी एक नजर में
- अल्प्राजोलम 0.5 एमजी - 1200 टैबलेट
- अनुमानित कीमत - ₹3,600
- मोबाइल फोन - 8 नग, कीमत करीब ₹75,000
- बिक्री की नकद रकम - ₹1,400
- एयर गन - 2 नग, कीमत करीब ₹20,000
आरोपी का नाम
1. साहिल शेख, उम्र 24 वर्ष, निवासी कृष्णा नगर, मिलन चौक, SBI ATM के पीछे, सुपेला, जिला दुर्ग।
2. योगेश कुमार साहू, उम्र 18 वर्ष, निवासी श्याम नगर, जेएमएफसी कोर्ट के पास, भिलाई-03, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग।
3. अम्रन साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी इंदिरा पारा, सेंट्रल बैंक के पास, भिलाई-03, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग।
4. मयंक यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी विश्व बैंक कॉलोनी, यार्ड क्रमांक 07, भिलाई-03, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग।
5. जानी यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी कांति चौक, उमदा, भिलाई-03, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग।
6. समीर ठाकुर, उम्र 21 वर्ष, निवासी कृष्णा नगर, शास्त्री मार्केट, सुपेला, जिला दुर्ग।
1 अपचारी बालक को संरक्षण में लिया गया है।