गणेश विसर्जन को लेकर दुर्ग में ट्रैफिक डायवर्जन, 24 से 26 सितंबर तक अंजोरा-पुलगांव मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री बंद
मुर्गा चौक से शिवनाथ नदी विसर्जन स्थल तक रूट तय, अंजोरा और अंडा से आने वाले मालवाहक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा

दुर्ग। गणेश उत्सव के समापन पर 24 से 26 सितंबर तक शिवनाथ नदी में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणेश समितियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए डायवर्जन और रूट प्लान जारी किया है।
गणेश प्रतिमा विसर्जन का निर्धारित रूट
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए मार्ग मुर्गा चौक → 25 मिलियन चौक → सेक्टर-9 चौक → एमडी बंगला तिराहा → जेल तिराहा → महाराजा चौक → पुलगांव चौक → शिवनाथ नदी विसर्जन स्थल निर्धारित किया गया है।
अंजोरा-पुलगांव मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री बंद
यातायात पुलिस के अनुसार 24 से 26 सितंबर तक विसर्जन के दौरान अंजोरा-पुलगांव मार्ग पर मालवाहक, भारी वाहन और अन्य वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। इस मार्ग पर आवश्यकतानुसार केवल गणेश प्रतिमा विसर्जन से संबंधित वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
अंजोरा की ओर से आने वाले मालवाहक और भारी वाहनों को बाईपास मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं अंडा की ओर से आने वाले भारी और मध्यम वाहनों को रिसामा, गाड़ाडीह, फुंडा और रायपुर की ओर वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।
गणेश समितियों से अपील
यातायात पुलिस ने गणेश समितियों से अपील की है कि विसर्जन के दौरान अनावश्यक संख्या में वाहन लेकर न आएं। समिति के सदस्य और श्रद्धालु सीमित संख्या में आवश्यक वाहनों के साथ ही विसर्जन स्थल तक पहुंचें।
आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि 24 से 26 सितंबर के बीच अंजोरा-पुलगांव मार्ग का उपयोग करने से बचें और अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।
यातायात पुलिस ने कहा कि डायवर्जन का उद्देश्य विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, यातायात को सुगम बनाए रखना और मार्ग पर जाम की स्थिति को रोकना है। पुलिस ने नागरिकों से जारी डायवर्जन और यातायात प्रतिबंधों का पालन करने की अपील की है।
