गणपति विसर्जन स्थल का कलेक्टर-एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
शिवनाथ नदी में क्रेन, नाव, बोट, बेरियर, पंडाल और प्रकाश व्यवस्था रहेगी दुरुस्त, छोटे-बड़े प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम होगा निर्धारित

दुर्ग। गणपति विसर्जन को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने राजनांदगांव रोड स्थित शिवनाथ नदी गणपति विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर और एसएसपी ने शिवनाथ नदी में गणपति प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए क्रेन, बोट, नाविक, बेरियर, पंडाल और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को विसर्जन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी इंतजाम समय पर पूरा करने कहा गया।
उन्होंने छोटे और बड़े आकार की गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम निर्धारित करने तथा विसर्जन स्थल तक वाहनों के आवागमन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि पिछले वर्ष की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी विसर्जन के लिए बेहतर और सुरक्षित प्रबंध किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम वीरेंद्र सिंह, एएसपी शोभराज अग्रवाल, एसडीएम दुर्ग शहर प्रफुल्ल गुप्ता सहित लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, नगर निगम, पुलिस विभाग के अधिकारी और एसडीआरएफ के जवान मौजूद रहे।
