दुर्ग में धर्म परिवर्तन के नाम पर महिला की पिटाई

दुर्ग में धर्म परिवर्तन के नाम पर महिला की पिटाई

दुर्ग। धर्मांतरण करवा रही महिला और युवती से पिटाई का मामला सामने आया है। यहां प्रार्थना सभा के नाम पर घर के अंदर धर्म परिवर्तन करने के लिए स्थानीय लोगों को उकसाया जा रहा था।
मोहन नगर थाना क्षेत्र के उरला में धर्मांतरण करवा रही महिला और युवती से पिटाई का मामला सामने आया है। जहां बस्ती की महिलाएं धर्मांतरण करवाने वाली महिला की पिटाई करती नजर आ रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। दोनों पक्षों को थाने लाया गया। जहां दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।
जानकारी के अनुसार, उरला बस्ती की रहने वाली चित्रलेखा साहू ने अपने घर पर प्रार्थना सभा रखी थी। उसके साथ मौजूद एक महिला और युवती लोगों को धर्मांतरण करने के लिए उकसा रही थी। जिसकी जानकारी लगाने पर कुछ लोग चित्रलेखा के घर पहुंचे गए। लोगों की भीड़ को देखकर चित्रलेखा मौके से फरार हो गई, लेकिन धर्मांतरण करने वाली महिला और युवती को लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने दोनों को जमकर पीटा।
बस्ती के लोगों ने आरोप लगाया है कि चित्रलेखा के साथ पकड़ी गई महिलाएं बस्ती में प्रार्थना सभा के नाम पर मतांतरण करवा रही थी। उन्हें प्रलोभन और लालच दिए जा रहे थे। मारपीट की जानकारी लगाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने लेकर पहुंची। जहां दोनों पक्षों ने शिकायत न करने की बात लिखित में थाने में दी है। जिसके बाद दोनों पक्ष थाने से चले आए। इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रही है।