राज्य स्तरीय रोजगार मेला 7-8 अक्टूबर को, 8 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती

रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में लगेगा रोजगार मेला, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय चयनित युवाओं को देंगे ऑफर लेटर

राज्य स्तरीय रोजगार मेला 7-8 अक्टूबर को, 8 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती

दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में होने वाले इस मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के 8 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। पदों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

रोजगार मेले में दुर्ग जिले के अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है।

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने अधिकारियों को जिले के प्रमुख उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों को रोजगार मेले में शामिल होने तथा उनके यहां रिक्त पदों पर भर्ती के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं।

ऑनलाइन पंजीयन जरूरी

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ सरकार के रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं।

ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन करें

जिला प्रशासन के अनुसार, मेले के दौरान पूर्व में आयोजित जिला एवं राज्य स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित युवाओं को भी मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र यानी ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची 1 अक्टूबर तक तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।

जिला प्रशासन ने जिले के शिक्षित और योग्य युवाओं से अपील की है कि वे इस रोजगार मेले का लाभ उठाएं और निर्धारित समय पर अपना ऑनलाइन पंजीयन सुनिश्चित करें।