रातभर चला SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन, बाढ़ में फंसे 50 से 55 ग्रामीण सुरक्षित निकाले, परसदा में बाढ़ के बीच फंसे 60 लोगों का रेस्क्यू
रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक चला अभियान, अंधेरे और तेज बहाव के बीच मोटर बोट से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को निकाला




दुर्ग। कुम्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा में बाढ़ के पानी में फंसे ग्रामीणों को बचाने के लिए नगर सेना एवं SDRF दुर्ग की टीम ने रातभर सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब 5 घंटे चले इस अभियान में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों सहित 50 से 55 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि रेस्क्यू अभियान में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जिला सेनानी, नगर सेना एवं अग्निशमन विभाग के अनुसार 25 सितंबर की रात 11:15 बजे आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि ग्राम परसदा में बाढ़ का पानी बस्तियों में प्रवेश कर गया है और तेज बहाव के बीच कई परिवार फंस गए हैं। सूचना मिलते ही जिला सेनानी के निर्देश पर SDRF की रेस्क्यू टीम मोटर बोट (OBM), लाइफ जैकेट, लाइफ रिंग, रेस्क्यू रोप और शक्तिशाली सर्च लाइट के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
टीम ने 26 सितंबर की रात 12 बजे रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घने अंधेरे और पानी के तेज बहाव के बीच जवानों ने मोटर बोट की मदद से जलमग्न घरों तक पहुंचकर वहां फंसे लोगों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान लगातार सुबह 5 बजे तक करीब पांच घंटे चला। इस दौरान 50 से 55 ग्रामीणों को सुरक्षित मुख्य मार्ग और राहत स्थलों तक पहुंचाया गया। विभाग के अनुसार रेस्क्यू अभियान में जनहानि और पशुहानि शून्य रही। फिलहाल सभी प्रभावित लोग सुरक्षित हैं और क्षेत्र की स्थिति नियंत्रण में बताई गई है।
मोटर बोट से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला, जनहानि नहीं
कुम्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा स्थित जगदीश बाड़ी में जलभराव के बीच फंसे 60 ग्रामीणों को SDRF और नगर सेना की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए लोगों में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। जिला सेनानी, नगर सेना एवं अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर की रात करीब 11:15 बजे जगदीश बाड़ी में जलभराव के बीच परिवारों के फंसे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जिला सेनानी के निर्देश पर SDRF दुर्ग की टीम आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। इसके बाद 26 सितंबर की सुबह 5:30 बजे से 7:30 बजे तक लगातार दो घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। टीम ने मोटर बोट की मदद से जलमग्न मकानों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान में मोटर बोट (OBM), लाइफ जैकेट, लाइफ रिंग और रेस्क्यू रोप्स का इस्तेमाल किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद कुल 60 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर राहत स्थल पहुंचाया गया। प्रशासन और SDRF की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। विभाग के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
