तेज बहाव में बाइक सहित बहा युवक, पेड़ के सहारे लटका रहा; पुलिस ने सुरक्षित बचाया
कोकड़ी नाला पुल पर हादसा, युवक ने कंट्रोल रूम में किया फोन; डायल-112 टीम के साथ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किया रेस्क्यू

दुर्ग। लगातार हो रही बारिश के बीच कोकड़ी नाला पुल पर पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि एक युवक मोटरसाइकिल सहित बह गया। बहते हुए युवक एक पेड़ के सहारे फंस गया और तेज बहाव के बीच जिंदगी बचाने के लिए पेड़ से लटकता रहा। युवक ने किसी तरह पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर मदद मांगी।
सूचना मिलते ही थाना उतई पुलिस और डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थिति का आकलन करते हुए सावधानी से युवक तक पहुंच बनाई और उसे पेड़ के सहारे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पव्वारा निवासी लोकेश्वर साहू मोटरसाइकिल से पव्वारा से खमहरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोकड़ी नाला पुल पर पानी का बहाव अचानक तेज होने से वह मोटरसाइकिल सहित बह गए।
बहते हुए युवक किसी तरह एक पेड़ के सहारे पहुंच गया और वहीं फंस गया। इसके बाद उसने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर अपनी स्थिति की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दीपक कुमार, प्रधान आरक्षक आशीष सिंह, आरक्षक राजीव दुबे, दीपक जॉन एवं डायल-112 चालक मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नाला और पुल-पुलिया के तेज बहाव वाले स्थानों पर जोखिम लेकर पार करने का प्रयास न करें। आपात स्थिति में तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या डायल-112 को सूचना दें।
