घर में घुसकर तलवार-डंडों से धमकी देने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
टिकरापारा में महिला और उसकी मां के घर पहुंचकर दहशत फैलाने का आरोप, तलवार व लकड़ी के डंडे जब्त

धमतरी। शहर के टिकरापारा क्षेत्र में घर में घुसकर महिला और उसके परिवार को धमकी देने तथा दहशत फैलाने के मामले में धमतरी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार और लकड़ी के डंडे जब्त किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात की है। टिकरापारा निवासी प्रार्थिया ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग उसके घर पहुंचे और उसके भाई निखिल के संबंध में पूछताछ करते हुए गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद आरोपियों ने उसके परिवार के दूसरे सदस्य के घर पहुंचकर भी विवाद और भय का माहौल बनाया। प्रार्थिया की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 273/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी की। विवेचना के दौरान 25 नवंबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल मसीह के कब्जे से तलवार तथा अन्य आरोपियों से लकड़ी के डंडे जब्त किए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय धमतरी में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम एवं पते
(01) राहुल मसीह, पिता राजेश मसीह, उम्र 26 वर्ष, निवासी टिकरापारा, शारदा चौक, धमतरी।
(02) भोला शंकर यादव उर्फ सागर यादव, पिता फुलवंत यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी नयापारा वार्ड, बजरंग चौक, गोपी होटल के सामने, धमतरी।
(03) शालेम मसीह उर्फ अविनाश मसीह, पिता राजू मसीह, उम्र 20 वर्ष, निवासी टिकरापारा तालाब के पास, धमतरी।
(04) शुभम नेताम, पिता रमेश नेताम, उम्र 24 वर्ष, निवासी रिसाईपारा पश्चिम, धमतरी।