रिसाली निगम को 101 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, ई-बस सेवा भी जल्द

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, जल शुद्धिकरण, नाली सुदृढ़ीकरण और मुक्तिधाम उन्नयन के लिए अतिरिक्त घोषणाएं

रिसाली निगम को 101 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, ई-बस सेवा भी जल्द

दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रिसाली नगर निगम क्षेत्र को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार रिसाली के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि रिसाली निगम क्षेत्र को जल्द ही ई-बस सेवा से जोड़ा जाएगा। साथ ही जल शुद्धिकरण के लिए ओवरहेड टैंक निर्माण हेतु 134 करोड़ रुपये, वार्ड 1 से 40 तक नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नेवई और जोरातराई के मुक्तिधाम उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपये दिए जाएंगे।

24 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में नगर पालिक निगम रिसाली के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 101 करोड़ 2 लाख 45 हजार रुपये लागत के विकास कार्यों की सौगात दी गई। इनमें नगर निगम रिसाली के 22 कार्यों का भूमिपूजन, 2 कार्यों का लोकार्पण तथा लोक निर्माण विभाग और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के कार्य शामिल हैं। नगर निगम रिसाली के अंतर्गत 29 करोड़ 55 लाख 20 हजार रुपये लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन तथा 39 करोड़ 56 लाख 34 हजार रुपये लागत के दो कार्यों का लोकार्पण किया गया। लोक निर्माण विभाग के 28 करोड़ 6 लाख 70 हजार रुपये के एक कार्य और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 3 करोड़ 84 लाख 21 हजार रुपये लागत के चार कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया।

शहरों को आर्थिक विकास का केंद्र बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार नगरीय विकास को गति दे रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि और पीएम ई-बस सेवा जैसी योजनाओं के माध्यम से शहरों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहरों की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना शुरू की गई है, जिसके तहत मुख्य सड़कें, जलापूर्ति, जल निकासी, सार्वजनिक परिवहन और अन्य जरूरी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। रिसाली निगम क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सड़क, नाला, उद्यान और पेयजल के लिए करोड़ों के कार्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण कार्य किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से सड़क विकास कार्य प्रस्तावित है। वार्ड क्रमांक 18 में लगभग 1 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से ओवरहेड टैंक बनाया जाएगा। मैत्री नगर में 1 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से उद्यान निर्माण, समतलीकरण, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट लगाने के कार्य होंगे। तालपुरी और रूआबांधा क्षेत्र में करीब 98 लाख रुपये, डुंडेरा पश्चिम में 77 लाख रुपये, नेवई भांठा और नेवई बस्ती पूर्व में 74 लाख रुपये तथा शक्ति विहार रिसाली में 67 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे।

रिसाली को जल्द मिलेगी ई-बस सेवा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच है कि शहर आर्थिक विकास के केंद्र बनें, जहां उद्योग और व्यापार बढ़े, युवाओं को रोजगार मिले और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि रिसाली निगम क्षेत्र को भी आने वाले दिनों में जल्द ई-बस सेवा से जोड़ा जाएगा, जिससे नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।

जल शुद्धिकरण और मुक्तिधाम उन्नयन की घोषणा

विधायक ललित चंद्राकर की मांग पर मुख्यमंत्री ने रिसाली नगर निगम क्षेत्र में जल शुद्धिकरण के लिए ओवरहेड टैंक निर्माण हेतु 134 करोड़ रुपये, वार्ड 1 से वार्ड 40 तक नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नेवई और जोरातराई के मुक्तिधाम उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपये की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कमी नहीं होने देगी और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में सभी नागरिकों की सहभागिता जरूरी है।

तीन साल की उपलब्धियां भी गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 13 दिसंबर को प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इन वर्षों में मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में काम किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख गरीब परिवारों के लिए आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 12 लाख मकान बन चुके हैं। महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख हितग्राहियों को प्रतिमाह लाभ दिया जा रहा है और अब तक 35 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश में 3100 धान खरीदी केंद्रों पर 15 नवंबर से खरीदी शुरू हुई है, जहां 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री साव बोले, विकास के लिए पैसे की कमी नहीं होगी

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि विष्णु के सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ रिसाली में विकास कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने रिसाली को लगभग 101 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रिसाली निगम क्षेत्र के विकास में धन की कमी नहीं होगी। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने विकास कार्यों और किसानों की मांगों को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

95 हितग्राहियों को सामग्री और सहायता वितरित

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 95 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र, अनुदान राशि, चेक और सामग्री वितरित की गई। मुख्यमंत्री ने चंचला दुर्गा और रघुनंदन ध्रुव को मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल, शिव प्रसाद को ट्रायसाइकिल, विकास कुमार को व्हीलचेयर तथा रोहिणी मानिकपुरी को श्रवण यंत्र प्रदान किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर, सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन, विभिन्न निगमों और बोर्डों के अध्यक्ष, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व मंत्री, संभाग आयुक्त, आईजी, कलेक्टर, एसएसपी सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।