रसमड़ा में घर की अलमारी से सोने के आभूषण चोरी, आरोपी गिरफ्तार

रसमड़ा में घर की अलमारी से सोने के आभूषण चोरी, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। रसमड़ा में घर की अलमारी से सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में अंजोरा चौकी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो नग सोने की ईयरिंग और एक सोने की ठूसी माला बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को रसमड़ा निवासी सरोज निषाद उम्र 38 वर्ष ने अंजोरा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके घर की अलमारी से अज्ञात व्यक्ति ने सोने की दो ईयरिंग और एक ठूसी माला चोरी कर ली है। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 845/2026, धारा 305(क) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही पी. विकास राव उम्र 30 वर्ष, निवासी रसमड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की और बताया कि चोरी किए गए आभूषण उसने अपने घर में छिपाकर रखे हैं।

इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के घर से चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद कर लिए। मामले में आरोपी को 27 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।