धारदार हथियार लेकर घूम रहा था युवक, पुलिस को देख नहर नाली में फेंका चाकू

धारदार हथियार लेकर घूम रहा था युवक, पुलिस को देख नहर नाली में फेंका चाकू

दुर्ग। अंडा थाना क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर घूम रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी क्षेत्र में लोगों को भयभीत कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया और अपने पास रखा धारदार हथियार शराब भट्ठी रोड स्थित नहर नाली के पास फेंक दिया।

पुलिस टीम ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया। गवाहों की मौजूदगी में आरोपी द्वारा फेंका गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया। मामले में आरोपी विनय बघेल उम्र 26 वर्ष के खिलाफ थाना अंडा में अपराध क्रमांक 101/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ग्राम एवं थाना अंडा का निवासी है और वर्तमान में रजवाड़ा पैलेस के सामने, मोती नगर, बोरसी क्षेत्र में रह रहा है। आरोपी के कब्जे से एक नग धारदार हथियार जब्त किया गया है।

पहले से भी दर्ज है मामला

पुलिस के अनुसार विनय बघेल के विरुद्ध थाना अंडा में पूर्व से अपराध क्रमांक 96/2026, धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध है। इसी बीच 28 सितंबर को उसके धारदार हथियार लेकर क्षेत्र में घूमने की सूचना पुलिस को मिली थी।

सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागा और हथियार रास्ते में फेंक दिया। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ने के बाद हथियार भी बरामद कर लिया।

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी व्यक्ति द्वारा हथियार लेकर घूमने या लोगों को भयभीत करने की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को जानकारी दें।