चलती कक्षा में अचानक गिरा छत का प्लास्टर, 9वीं के दो छात्र घायल

गनियारी के शासकीय हाई स्कूल की घटना, दोनों छात्रों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया; BEO ने जांच टीम भेजी

चलती कक्षा में अचानक गिरा छत का प्लास्टर, 9वीं के दो छात्र घायल

दुर्ग। गनियारी स्थित शासकीय हाई स्कूल में मंगलवार को चलती कक्षा के दौरान छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। हादसे में कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले दो छात्र घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार कक्षा चल रही थी, इसी दौरान छत का प्लास्टर अचानक नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आने से दो छात्रों को चोट लगी। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी और घायल छात्रों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने मामले की जांच के लिए टीम स्कूल भेजी है। टीम स्कूल पहुंचकर घटना के कारणों और भवन की स्थिति की जांच करेगी। हादसे के बाद स्कूल भवन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों और विद्यार्थियों ने स्कूल भवन की छत और अन्य हिस्सों की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।