बीएसपी में 100 किलो कॉपर केबल चोरी, फरार आरोपी जेठूराम गिरफ्तार

चोरी के मामले में अब तक 80 हजार रुपए की सामग्री जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

बीएसपी में 100 किलो कॉपर केबल चोरी, फरार आरोपी जेठूराम गिरफ्तार

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश कर 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल चोरी करने के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी जेठूराम (53) निवासी दक्षिण गंगोत्री, सुपेला को विवेचना के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसकी घटना में संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 3 सितंबर 2026 को केऔसुब इकाई बीएसपी भिलाई की रिपोर्ट पर थाना भिलाई भट्ठी में चोरी का अपराध दर्ज किया गया था। आरोपियों ने बीएसपी परिसर में प्रवेश कर 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल चोरी कर बाहर ले जाने का प्रयास किया था। चोरी की सामग्री ले जाते समय सीआईएसएफ ने आरोपियों को पकड़ लिया था।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पूर्व में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 50 हजार रुपए कीमत की 100 किलो कॉपर केबल और घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 30 हजार रुपए है, बरामद किए गए। इस तरह अब तक कुल 80 हजार रुपए की सामग्री जब्त की जा चुकी है।

मामले में फरार चल रहे जेठूराम को 29 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलेश्वर चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू, आरक्षक अमित सिंह और आरक्षक जय नारायण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।