MBBS इंटर्न स्टाइपेंड में बड़ी बढ़ोतरी, ₹15,900 से बढ़कर ₹25,000 हुआ मासिक स्टाइपेंड

MBBS इंटर्न स्टाइपेंड में बड़ी बढ़ोतरी, ₹15,900 से बढ़कर ₹25,000 हुआ मासिक स्टाइपेंड

रायपुर, 25 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के मेडिकल छात्रों और MBBS इंटर्न्स के लिए बड़ी खबर है। राज्य में MBBS इंटर्न्स का मासिक स्टाइपेंड ₹15,900 से बढ़ाकर ₹25,000 कर दिया गया है। यानी हर इंटर्न को अब ₹9,100 प्रतिमाह अधिक मिलेंगे।

IMA-MSN Chhattisgarh के अनुसार, संगठन लंबे समय से इंटर्न स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग सरकार के समक्ष रख रहा था। संगठन ने स्टाइपेंड को ₹30,000 प्रतिमाह करने की मांग की थी। हालांकि फिलहाल सरकार ने ₹25,000 प्रतिमाह का निर्णय लिया है।

IMA-MSN ने बताया कि मेडिकल छात्रों और युवा डॉक्टरों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी मंत्रालय स्तर पर प्रक्रिया जारी है। इनमें PG Doctors और Bonded Doctors के स्टाइपेंड से जुड़े विषय भी शामिल हैं। संगठन को उम्मीद है कि इन मुद्दों पर भी आगे सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

IMA-MSN Chhattisgarh ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार जताया है। संगठन के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री ने इंटर्न्स की मांग को गंभीरता से लेते हुए इस विषय पर पहल की थी। घोषणा लगभग एक माह पहले की गई थी, जबकि सरकारी स्तर पर अनुमोदन और वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्णय औपचारिक रूप से सामने आया है।

संगठन का कहना है कि MBBS इंटर्न्स अस्पतालों में मरीजों की सेवा, आपातकालीन ड्यूटी और विभिन्न क्लिनिकल जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्टाइपेंड में बढ़ोतरी से उन्हें आर्थिक राहत मिलने के साथ ही उनका मनोबल भी मजबूत होगा।