छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और विरासत की झलक बनी आकर्षण, सांसद विजय बघेल ने किया प्रदर्शनी का शुभारंभ
बीआईटी दुर्ग में दो दिवसीय ‘हमर छत्तीसगढ़–हमर धरोहर’ प्रदर्शनी शुरू, पारंपरिक खान-पान, वेशभूषा, हस्तशिल्प और जनजातीय संस्कृति को किया गया प्रदर्शित

दुर्ग। छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से जानने का अवसर लेकर हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग की दो दिवसीय प्रदर्शनी ‘हमर छत्तीसगढ़-हमर धरोहर’ का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। बीआईटी दुर्ग में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद सांसद विजय बघेल ने प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। यहां छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला, लोकजीवन, जनजातीय विरासत, खान-पान, वेशभूषा, हस्तशिल्प और ऐतिहासिक धरोहरों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से प्रदेश की विविध सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं की झलक देखने को मिल रही है। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की असली पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और विशिष्ट जीवनशैली में समाहित है। नई पीढ़ी को अपनी माटी, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक पहचान को समझना और उसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। सांसद ने इस आयोजन के लिए हेमचंद यादव विश्वविद्यालय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत का संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी बीआईटी दुर्ग में लगाई जा रही है। प्रदर्शनी का समय दोपहर 12:30 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपराओं और विरासत को जानने-समझने का अवसर मिल रहा है।