गांजा बेचने ग्राहक तलाश रहा था आरोपी, कुम्हारी पुलिस ने दबोचा
1.140 किलो गांजा, मोबाइल और 4 हजार रुपए नकद बरामद; कुल करीब 60 हजार रुपए की सामग्री जब्त

भिलाई। कुम्हारी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा बिक्री के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.140 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और 4 हजार रुपए नगद बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुम्हारी क्षेत्र के बड़े तरीय के पीछे एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। यहां संदिग्ध गतिविधियों में शामिल एक व्यक्ति को पकड़कर तलाशी ली गई। पुलिस ने आरोपी की पहचान परमेश्वर महानद (38), निवासी रूप नगर, कुम्हारी के रूप में की। उसके कब्जे से 1.140 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 55 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और 4 हजार रुपए नगद भी जब्त किए गए। मामले में कुम्हारी थाने में अपराध क्रमांक 310/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 20(ख) एवं 27क NDPS Act के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजा अपने कब्जे में रखकर उसे अवैध रूप से बेचने के लिए संभावित ग्राहकों की तलाश कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए उसे गांजा सहित पकड़ लिया।
