6 इंच की सड़क बन रही थी 2.5 से 3 इंच, महापौर ने लगाई ठेकेदार को फटकार

गयाना नगर में सीसी सड़क निर्माण का औचक निरीक्षण, अलका बाघमार ने कहा, गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं

6 इंच की सड़क बन रही थी 2.5 से 3 इंच, महापौर ने लगाई ठेकेदार को फटकार

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग के गया नगर वार्ड क्रमांक 5 में सीमेंटीकरण सड़क निर्माण में अनियमितता सामने आने पर महापौर अलका बाघमार ने मौके पर पहुंचकर ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। महर्षि स्कूल लाइन, गया नगर में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान निर्धारित मोटाई से कम सीसी सड़क बनाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद महापौर ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुधारने और तकनीकी मापदंडों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।

क्षेत्रवासियों से मिली शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर बुधवार को लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, जल कार्य प्रभारी लीना दिनेश देवांगन, पार्षद रंजीता पाटिल और कार्यपालन अभियंता मो. सलीम सिद्दीकी के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने सड़क की मोटाई और निर्माण प्रक्रिया की मौके पर जांच कराई। जांच के दौरान सामने आया कि सड़क का निर्माण 6 इंच मोटाई में किया जाना निर्धारित है, लेकिन मौके पर करीब 2.5 से 3 इंच तक ही सीसी निर्माण किया जा रहा था। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर निर्धारित चैनल का निर्माण भी मापदंड के अनुरूप नहीं पाया गया। निर्माण में खामी सामने आने पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क का निर्माण निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार ही किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम के विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

महापौर ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा तकनीकी मापदंडों के अनुसार काम होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता के पैसों से होने वाले विकास कार्य लंबे समय तक टिकाऊ होने चाहिए। केवल सड़क का निर्माण पूरा कर देना पर्याप्त नहीं है, उसकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित करना जरूरी है। लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने भी निर्माण कार्यों में तकनीकी गुणवत्ता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण स्थल पर लगातार निगरानी रखने और ठेकेदार से निर्धारित मानकों के अनुरूप ही काम कराने को कहा। महापौर ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों की अनदेखी की गई तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माणाधीन सड़क को तकनीकी मानकों के अनुरूप मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए।