कमीशन के लालच में साइबर ठगों को बैंक खाते बेचने वाले 8 म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 हजार से 15 हजार रुपए तक लेते थे कमीशन; खातों में साइबर ठगी की लाखों रुपये से अधिक रकम का लेनदेन मिला

कमीशन के लालच में साइबर ठगों को बैंक खाते बेचने वाले 8 म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार

दुर्ग। साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर खपाने के लिए अपने बैंक खाते उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने म्यूल बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में सहयोग करने वाले 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपियों पर आरोप है कि वे 2 हजार से 15 हजार रुपये तक के कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और मोबाइल सिम दूसरे लोगों को उपलब्ध कराते थे।

पुलिस के अनुसार, इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने और उसके वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए किया जाता था। बैंक खातों के विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के दौरान संबंधित खातों में साइबर ठगी से जुड़ी लाखों रुपये से अधिक की राशि का लेनदेन सामने आया।

कमीशन लेकर सौंप देते थे बैंक खाते

जांच में सामने आया कि कुछ खाताधारक आर्थिक लाभ के लालच में अपने बैंक खातों से संबंधित जरूरी दस्तावेज और साधन दूसरे व्यक्तियों को उपलब्ध करा रहे थे। इनमें पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, खाताधारकों को इसके बदले 2 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन या प्रतिफल दिया जाता था। वहीं, एजेंट खाताधारकों से बैंक खाते और उससे जुड़े दस्तावेज हासिल कर उन्हें आगे उपलब्ध कराने के बदले 15 हजार से 20 हजार रुपये तक कमीशन प्राप्त करते थे।

छह थाना क्षेत्रों की टीम ने की संयुक्त कार्रवाई

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में साइबर ठगी से जुड़े बैंक खातों की जांच शुरू की थी।

तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के लेनदेन और विवेचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद थाना नेवई, पुरानी भिलाई, पाटन, भिलाई नगर, छावनी और एसीसीयू की टीमों ने 7 अक्टूबर को संयुक्त कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को पकड़ा।

इन थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों से जुड़े आरोपी

  • नेवई थाना: 3 आरोपी
  • भिलाई नगर थाना: 2 आरोपी
  • पुरानी भिलाई थाना: 1 आरोपी
  • पाटन थाना: 1 आरोपी
  • छावनी थाना: 1 आरोपी

इन मामलों में बीएनएस की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) के तहत कार्रवाई की गई है।

ये आरोपी गिरफ्तार

  1. महादेव साहू (48), निवासी लुचकी पारा, दुर्ग
  2. पीलू खिलाड़ी (34), निवासी ग्राम सुरपा, थाना जामगांव
  3. विराज कुमार पोल (21), निवासी रिसाली सेक्टर, भिलाई
  4. नीरज कुमार प्रसाद (23), निवासी सेक्टर-7, भिलाई नगर
  5. राबिन सिंह (34), निवासी सेक्टर-7, भिलाई
  6. विशु बंजारे (23), निवासी डुमरडीह, उतई
  7. नवीन ठाकुर (23), निवासी संजय नगर, सुपेला
  8. टिकेश्वर प्रसाद चन्द्राकर (61), निवासी ड्रीम सिटी, भिलाई

पासबुक, एटीएम, चेकबुक और सिम जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस अब इन खातों से हुए लेनदेन और साइबर ठगी के अन्य मामलों से इनके कनेक्शन की जांच कर रही है।