नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 590 नशीली गोलियां जब्त, 2 गिरफ्तार

नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 590 नशीली गोलियां जब्त, 2 गिरफ्तार

धमतरी। जिले में नशीली दवाओं और अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने बस स्टैंड के पास से 590 नशीली गोलियां बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि चौकी बिरेझर पुलिस ने अवैध शराब बेचते एक युवक को पकड़ा है। दोनों मामलों में पुलिस ने नशीली दवाएं, शराब, मोबाइल और मोटरसाइकिल समेत सामान जब्त किया है।

बस स्टैंड के पास नशीली गोलियों की बिक्री

पुलिस के अनुसार, सिटी कोतवाली पुलिस को बस स्टैंड धमतरी के पास नशीली दवाओं की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रियांशु महावर पिता कृष्णा महावर, उम्र 21 वर्ष, निवासी जालमपुर वार्ड, धमतरी और नरेश सैयाम पिता रमेश सैयाम, उम्र 30 वर्ष, निवासी अयोध्या चौक, रेलवे स्टेशन के पास, मोहेड़ा पारा, रायपुर को पकड़ा।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से NRX Nitrazepam Tablets IP Nitrosun-10 की 59 स्ट्रिप्स में कुल 590 नशीली गोलियां बरामद हुईं। इनकी कीमत 4,720 रुपये बताई गई है।

इसके अलावा पुलिस ने दो मोबाइल फोन कीमत 25 हजार रुपये और दो मोटरसाइकिल कीमत 40 हजार रुपये भी जब्त कीं। जब्त सामान की कुल कीमत 69,720 रुपये बताई गई है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 193/2026 के तहत धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

बिरेझर में शराब बेचते युवक गिरफ्तार

इधर, चौकी बिरेझर पुलिस ने ग्राम चिवरी बाजार चौक के पास अवैध रूप से शराब बिक्री करते रितेश कुमार साहू पिता ठाकुर राम साहू, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम चिवरी, चौकी बिरेझर को पकड़ा।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 पौवा देशी शराब कीमत 2,000 रुपये और बिक्री रकम 300 रुपये, कुल 2,300 रुपये का सामान जब्त किया। मामले में अपराध क्रमांक 265/2026 के तहत धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

नशे के कारोबार पर सख्ती जारी

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य मादक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।