भैंसों से भरा पिकअप पकड़ाया, 6 आरोपी गिरफ्तार; 2 नाबालिग बालक भी अभिरक्षा में

दुर्ग। जिले में अवैध मवेशी परिवहन और तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत उतई पुलिस ने ग्राम पुरई में घेराबंदी कर मवेशियों से भरे पिकअप वाहन को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 2 अपचारी बालकों को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 भैंस मवेशियों को बरामद करने के साथ परिवहन में इस्तेमाल मैक्सिमा पिकअप, स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
उतई पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेज और अनुमति के मवेशियों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम पुरई स्थित नर्सरी के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान मैक्सिमा पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 PF 6904 की जांच की गई। वाहन में 3 भैंस मवेशी पाए गए। पुलिस के मुताबिक मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज अथवा अनुमति मौके पर प्रस्तुत नहीं की जा सकी।
तीन वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान मौके पर एक स्कॉर्पियो क्रमांक CG 04 HD 1564 और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LB 1123 भी मिली। पुलिस ने इन दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया। बरामद मवेशियों का पशु चिकित्सा अधिकारी से परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई की गई।
कौन-कौन गिरफ्तार?
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में:
- कमल गिरी गोस्वामी, उम्र 23 वर्ष, निवासी आदर्श नगर उतई, थाना उतई, जिला दुर्ग।
- जीमू गोस्वामी उर्फ संजू गोस्वामी, उम्र 26 वर्ष, निवासी बावापारा, आदर्श नगर उतई, थाना उतई, जिला दुर्ग।
- कमलेश गिरी गोस्वामी, उम्र 35 वर्ष, निवासी आदर्श नगर, बावापारा उतई, थाना उतई, जिला दुर्ग।
- करन गिरी गोस्वामी, उम्र 19 वर्ष, निवासी बजरंग चौक, ग्राम डुण्डेरा, थाना उतई, जिला दुर्ग।
- टोमन यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी आदर्श नगर, बावापारा उतई, थाना उतई, जिला दुर्ग।
- जागेश्वर सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी आदर्श नगर, बावापारा उतई, थाना उतई, जिला दुर्ग।
इसके अलावा 2 अपचारी बालकों को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।
स्रोत और गंतव्य की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। इस गतिविधि में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार एक फरार व्यक्ति की तलाश जारी है।
इन धाराओं में मामला दर्ज
उतई थाने में अपराध क्रमांक 428/2026 दर्ज किया गया है। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 और पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई है।
