धारदार हथियार से महिला पर हमला, एक गिरफ्तार, 2 फरार

दुर्ग। नेवई थाना क्षेत्र के देवारपारा स्टेशन मरोदा में गाली-गलौज का विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक 22 अगस्त की रात करीब 7 बजे शशि देवारिन (30), निवासी देवारपारा स्टेशन मरोदा, चौपाटी से चाय पीकर अपने पिता के घर जा रही थी। इसी दौरान देवारपारा के पास संतू तेलासी, पोखलू देवार और दादू देवार उसकी मां और बहन से गाली-गलौज कर रहे थे। शशि ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने एक राय होकर उसके और परिजनों के साथ विवाद करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की।
धारदार हथियार से पहुंचाई चोट
जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थिया और गवाहों के बयान दर्ज किए। घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया गया। विवेचना में संतू राम तेलासी द्वारा धारदार वस्तु से महिला को चोट पहुंचाने की बात सामने आने पर प्रकरण में धारा 118(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।
पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान संतू राम तेलासी अपने घर पर मिल गया। पूछताछ में उसने घटना में धारदार हथियार से महिला को चोट पहुंचाना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक धारदार हथियार जब्त कर लिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने संतू राम तेलासी, उम्र 40 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 21, बजरंग पारा, स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग को 23 अगस्त को दोपहर 3:10 बजे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
मामले में पोखलू देवार और दादू देवार फरार बताए गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस कार्रवाई: अपराध क्रमांक 568/2026, धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 118(1) बीएनएस।
