बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वतखोरी, ACB ने JE को रंगे हाथ पकड़ा, लाइनमैन भी जांच के घेरे में

मनेंद्रगढ़। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एमसीबी जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी घरेलू बिजली कनेक्शन जारी करने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।

जानकारी के अनुसार डोमनापारा निवासी रमेश कुमार ने घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता मनीष कुमार बजाज और लाइनमैन राकेश शुक्ला ने कनेक्शन लगाने और घर तक बिजली लाइन खींचने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत अंबिकापुर स्थित एसीबी कार्यालय में की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।

योजना के तहत शिकायतकर्ता रमेश कुमार को रिश्वत की रकम लेकर आरोपियों के पास भेजा गया। जैसे ही उसने 9 हजार 500 रुपये की रकम जेई मनीष कुमार बजाज को सौंपी, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी जेई मनीष कुमार बजाज और लाइनमैन राकेश शुक्ला को आगे की पूछताछ के लिए अंबिकापुर ले जाया गया है। एसीबी अधिकारियों के मुताबिक मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
