पत्नी और पिता के रिश्तों से टूटा बेटा, दोनों की गोली मारकर हत्या
डबल मर्डर से सनसनी, व्हाट्सएप चैट और वॉयस मैसेज से खुला अवैध रिश्तों का राज

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के कलंदरगढ़ी गांव में एक युवक ने अपने पिता और पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने पिता और पत्नी के बीच कथित अवैध संबंधों से परेशान था। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी मुबीन ने रविवार दोपहर अपने पिता रियाजुद्दीन और पत्नी सना को पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। पहले उसने पिता के सीने में गोली मारी, फिर पत्नी के सिर में गोली दाग दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली। पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। बताया गया कि मुबीन और सना का निकाह 14 फरवरी 2025 को हुआ था। शुरुआती सात महीने तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन सितंबर 2025 के बाद घर में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान मुबीन के पिता रियाजुद्दीन और बहू सना के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी थीं। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच व्हाट्सएप चैट और वॉयस मैसेज भी मिले हैं, जिससे रिश्तों की पुष्टि होने की बात कही जा रही है। परिवार के लोगों ने भी पूछताछ में घर में लंबे समय से तनाव होने की जानकारी दी है।

बताया गया कि एक बार ससुर और बहू को आपत्तिजनक स्थिति में भी देखा गया था। इसके बाद मुबीन ने पत्नी को मायके भेज दिया था और तलाक की चेतावनी दी थी। हालांकि बाद में समझौते के बाद सना दोबारा ससुराल लौट आई, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। पुलिस का कहना है कि रियाजुद्दीन की पत्नी किस्वर को भी इस संबंध की जानकारी थी। शुरुआत में उसने विरोध किया, लेकिन परिवार टूटने और घर छोड़ने के डर से चुप्पी साध ली। सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
