दुर्ग में स्वाइन फ्लू की दस्तक, 2 साल 11 माह की बच्ची H1N1 पॉजिटिव
वार्ड-6 की बच्ची में जिले का पहला पुष्ट मामला, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट; घर और आसपास सर्वे, परिजनों के सैंपल लिए

दुर्ग। जिले में स्वाइन फ्लू का पहला पुष्ट मामला सामने आया है। वार्ड-6 निवासी 2 साल 11 माह की बच्ची की आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। बच्ची का इलाज एक निजी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग उसकी स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।
तेज बुखार के बाद अस्पताल में भर्ती
सिविल सर्जन डॉ. आशीषन कुमार मिंज ने बताया कि बच्ची को तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षणों के चलते करीब दो दिन पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वाइन फ्लू की आशंका होने पर चिकित्सकों ने आरटी-पीसीआर जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई।
घर और आसपास के इलाके में सर्वे
पुष्ट मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। विभाग की टीम बच्ची के घर और आसपास के क्षेत्र में सर्वे कर रही है। परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल लेकर जांच की गई है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य संक्रमण के संभावित संपर्कों की पहचान कर समय रहते स्थिति पर नियंत्रण रखना है।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू में तेज बुखार, शरीर में दर्द, कमजोरी, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण सामने आ सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर लोगों को लापरवाही न करते हुए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
जिले में H1N1 का पहला पुष्ट मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। केवल लक्षणों के आधार पर स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं की जा सकती। संक्रमण की पुष्टि चिकित्सकीय जांच और आवश्यक परीक्षण के बाद ही होती है।
