तिरंगे के अपमान से जोड़कर एडिटेड वीडियो वायरल करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

भाजपा के झंडा फहराने के पुराने वीडियो को एडिट कर सोशल मीडिया पर किया था प्रसारित, पुलिस ने दो मोबाइल जब्त किए

तिरंगे के अपमान से जोड़कर एडिटेड वीडियो वायरल करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराने से संबंधित पुराने वीडियो को एडिट कर उसे तिरंगे के अपमान से जोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपए है, जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 मार्च 2026 को भाजपा कार्यालय कुरूद में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराया गया था। इस कार्यक्रम का मूल वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था। आरोप है कि इसी वीडियो को एडिट कर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भ्रामक संदेश के साथ प्रसारित किया गया। एडिट किए गए वीडियो में धमतरी में तिरंगे की जगह BJP का झंडा, स्वतंत्रता दिवस पर उठे सवाल जैसे संदेश और तिरंगे का प्रतीक जोड़ा गया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया। मामले की शिकायत के बाद सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत धारा 336(4), 353(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

डिजिटल साक्ष्यों से खुली एडिटिंग की प्रक्रिया

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर पूछताछ की। उनके मोबाइल फोन का विधिवत अवलोकन कर पंचनामा तैयार किया गया। जांच में मोबाइल फोन में विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वीडियो एडिटिंग एप्लीकेशन पाए गए। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि मूल वीडियो को डाउनलोड करने के बाद News Banao App के माध्यम से एडिट किया गया। इसमें भ्रामक शीर्षक और तिरंगे का प्रतीक जोड़कर नया वीडियो तैयार किया गया। इसके बाद इसे Instagram और Facebook पर अपलोड किया गया। जांच के दौरान आरोपी द्वारा वीडियो डिलीट किए जाने की बात सामने आई। पुलिस को Instagram के Recently Deleted सेक्शन में भी संबंधित वीडियो के साक्ष्य मिले। पुलिस ने आवश्यक स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित किया। वहीं आरोपी राकेश निराला के मोबाइल से भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराने संबंधी फोटो भी मिले, जिनका स्क्रीनशॉट लेकर पंचनामा तैयार किया गया।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 18 अगस्त 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुनेश्वर निराला (25), पिता मंगल निराला, निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ और राकेश निराला (32), पिता स्व. मंगल निराला, निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, एडिटेड अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर जनभावनाओं को प्रभावित करने वाले मामलों में वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।