चाकू की नोक पर सोने का लॉकेट लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

गोपाला अस्पताल के पास वारदात, पुलिस ने लूट का लॉकेट, चाकू और वारदात में प्रयुक्त बाइक की जब्त

चाकू की नोक पर सोने का लॉकेट लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। गोपाला अस्पताल के पास चाकू की नोक पर सोने का लॉकेट लूटने वाले तीन आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूट का सोने का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AT 3357 बरामद की गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को मौरीकला निवासी गौतम नागरची अपनी पत्नी के साथ बठेना अस्पताल धमतरी गया था। अस्पताल से लौटने के बाद वह अपनी साली के लिए खाना लेकर दोबारा बठेना अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान करीब शाम 4 बजे गोपाला अस्पताल के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया।

आरोपियों ने सब्जी काटने वाले चाकू का भय दिखाकर उसके गले में पहना सोने का लॉकेट लूट लिया और मौके से फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 192/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने संदिग्धों की लगातार पतासाजी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AT 3357 से आमातालाब रोड स्थित यादव भवन के पास सोने का लॉकेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ और शिनाख्तगी की कार्रवाई के दौरान प्रार्थी ने आरोपियों की पहचान की। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने लूट का सोने का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निलमणी विश्वकर्मा उर्फ विक्कु (20), निवासी हटकेशर, धमतरी; चेतन नेताम उर्फ आदित्य नेताम (22), निवासी पंचवटी कॉलोनी, अटल आवास, धमतरी; और खिलावन साहू उर्फ बदे (20), निवासी लोहरसी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।