144 पाव देशी शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

आबकारी विभाग की कार्रवाई, 25.920 बल्क लीटर शराब और दोपहिया वाहन जब्त, कुल कीमत 34,400 रुपए

144 पाव देशी शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग, 18 अगस्त। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने अलग-अलग कार्रवाई में 144 पाव देशी मदिरा और एक दोपहिया वाहन जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कुल बाजार कीमत करीब 34,400 रुपए आंकी गई है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी क्रिस्टोफर खलखो के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के मुताबिक, 13 अगस्त को गश्त के दौरान मोहन नगर थाना क्षेत्र में एनएच-53 टोल प्लाजा जाने वाले मार्ग पर टीम ने लक्की देवार, निवासी ग्राम करहीडीह को पकड़ा। उसके कब्जे से 40 पाव देशी मदिरा मसाला शोले बरामद हुई। शराब के परिवहन में इस्तेमाल होंडा सीबी शाइन डीएक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-KP-0299 भी जब्त की गई।

इसके बाद 14 अगस्त को आबकारी टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। टीम ने संजना पारधी, निवासी ग्राम सांकरा पारधी डेरा, थाना अमलेश्वर के कब्जे से 54 पाव देशी मदिरा मसाला बरामद की। वहीं सुधीर नायक, निवासी 32 बंगला के पास, भिलाई के कब्जे से 50 पाव देशी मदिरा मसाला शोले जब्त की गई।

तीनों मामलों में विभाग ने कुल 25.920 बल्क लीटर देशी मदिरा और एक दोपहिया वाहन जब्त किया। छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गैर-जमानती प्रकरण दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बाद में उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

मामलों की विवेचना सहायक जिला आबकारी अधिकारी पंकज कुजूर, अरविन्द साहू और आबकारी उप निरीक्षक अनामिका टोप्पो द्वारा की जा रही है। कार्रवाई में आबकारी आरक्षकों और विभागीय कर्मचारियों की टीम का भी योगदान रहा।