भिलाई में बिना लाइसेंस संचालित मुस्कान फूड प्रोडक्ट फर्म सील, बेसन बर्फी और मैसूर पाक के नमूने लैब भेजे

दुर्ग, 18 अगस्त। आगामी रक्षाबंधन और तीज त्योहारों को देखते हुए जिला प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है। बने खाबो बने रहिबो अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंगलवार को बैकुंठ धाम, पावर हाउस स्थित एक प्रतिष्ठान पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया।
खाद्य विभाग की टीम ने मुस्कान फूड प्रोडक्ट, संचालक पप्पू सिंह, का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान से बेसन बर्फी और मैसूर पाक के नमूने लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान का वैध खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन नहीं पाया गया। खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई करते हुए विभाग ने संबंधित परिसर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार राज्य स्तरीय बने खाबो बने रहिबो अभियान के तहत सात दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को अभियान का दूसरा दिन था। इससे पहले 17 अगस्त को भी विभागीय टीम ने दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए थे।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कहा है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जिले में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
