निर्माणाधीन मकान से 63 सेंटरिंग प्लेट चोरी, ललित कबाड़ी सहित 4 गिरफ्तार

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से हुआ खुलासा, 45 प्लेट और 3 लाख का पिकअप वाहन बरामद

निर्माणाधीन मकान से 63 सेंटरिंग प्लेट चोरी, ललित कबाड़ी सहित 4 गिरफ्तार

भिलाई। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम उमरपोटी भाठा में निर्माणाधीन मकान से लोहे की सेंटरिंग प्लेट चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई 63 सेंटरिंग प्लेट में से 45 प्लेट, जिनकी कीमत करीब 45 हजार रुपये है, बरामद की हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 PD 8657, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है, भी जब्त किया गया है। चारों आरोपियों को 22 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

20 अगस्त को सामने आई चोरी

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी बाबूलाल साहू, उम्र 62 वर्ष, निवासी हथखोज पारा, उतई, बिल्डिंग ठेकेदार हैं। ग्राम उमरपोटी भाठा में डमडम पाण्डेय की बाड़ी के पास निर्माणाधीन मकान में उनका काम चल रहा था। वहां करीब 200 नग लोहे की सेंटरिंग प्लेट और फर्मा रखा हुआ था। 19 अगस्त की शाम बाबूलाल निर्माण स्थल से चले गए थे। अगले दिन 20 अगस्त की सुबह वापस पहुंचे तो करीब 63 सेंटरिंग प्लेट गायब मिलीं। चोरी गई सामग्री की कीमत लगभग 45 हजार रुपये बताई गई।

सीसीटीवी और मुखबिर से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

शिकायत के आधार पर उतई थाने में अपराध क्रमांक 431/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, चोरी की सेंटरिंग प्लेट को महिंद्रा पिकअप वाहन से ले जाया गया था।

चार आरोपियों की गिरफ्तारी

पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

  1. अजय ठाकुर, उम्र 23 वर्ष, निवासी मिनीमाता पारा, स्टेशन मरोदा, थाना उतई, जिला दुर्ग।
  2. ईश्वर निषाद, उम्र 27 वर्ष, निवासी मिनीमाता पारा, स्टेशन मरोदा, थाना उतई, जिला दुर्ग।
  3. चन्द्रहास आडिल, उम्र 25 वर्ष, निवासी सूर्यनगर, नवीन पार्षद के घर के पीछे, स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग।
  4. ललित साहू, उम्र 57 वर्ष, निवासी आर्यनगर कोहका, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।

चोरी की सामग्री बेचने का प्रयास

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने निर्माणाधीन मकान में रखी सेंटरिंग प्लेट को मौका देखकर पिकअप वाहन में लादा और चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरी की सामग्री को अन्य व्यक्ति को बेचने का प्रयास किया गया। मामले में चोरी की संपत्ति के क्रय-विक्रय से संबंधित भूमिका की भी जांच की गई है।