खेलते-खेलते कुएं में गिरा 3 साल का मासूम, मौत; परिवार में मचा कोहराम

घर से लगी बाड़ी में था कुआं, तलाश के दौरान पानी में मिला बच्चा; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

खेलते-खेलते कुएं में गिरा 3 साल का मासूम, मौत; परिवार में मचा कोहराम

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्दनाक हादसे में तीन साल के मासूम की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बच्चा घर के आसपास खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी देर तक तलाश की, जिसके बाद वह घर से लगी बाड़ी में मौजूद कुएं में पानी के अंदर मिला। परिजनों ने उसे तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

खेलते-खेलते अचानक हुआ लापता

घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 स्थित पुरानी बस्ती की दादर बस्ती की है। मृतक बच्चे की पहचान अभियांस पटेल के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, अभियांस रोज की तरह घर के आसपास खेल रहा था। कुछ देर बाद जब वह दिखाई नहीं दिया तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन करने के बाद भी जब बच्चे का पता नहीं चला तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।

कुएं में मिला मासूम

तलाश के दौरान परिजनों की नजर घर से लगी बाड़ी की ओर गई। वहां स्थित कुएं में बच्चा पानी में गिरा हुआ मिला। परिजनों ने तत्काल उसे कुएं से बाहर निकाला और इलाज के लिए कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दो भाइयों में छोटा था अभियांस

अभियांस दो भाइयों में छोटा था और आंगनबाड़ी जाता था। उसके पिता सतानंद पटेल खेती-किसानी के साथ बाड़ी में सब्जी लगाने का काम करते हैं। परिवार को बेटे से भविष्य की कई उम्मीदें थीं, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

घटना के बाद परिवार में मातम

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।