सुपेला में ठंडे समोसे पर शुरू हुआ विवाद, बहन पर टिप्पणी के बाद दोस्त ने ही चाकू से किया हमला

भिलाई। शराब पीने के दौरान ठंडा समोसा लाने को लेकर दोस्तों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। विवाद के दौरान घायल युवक हिमांशु नेवारे ने दोस्त की बहन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिसके बाद उसके ही दो दोस्तों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में हिमांशु के पेट में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल से एम्स रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
ठंडे समोसे को लेकर शुरू हुई बहस
पुलिस के मुताबिक हिमांशु नेवारे अपने दोस्त योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छू और मनीष लोनहारे उर्फ पीला के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान हिमांशु ने दोनों दोस्तों को खाने के लिए चखना लाने भेजा। दोनों रात में समोसे लेकर लौटे। समोसे ठंडे होने की बात को लेकर हिमांशु और दोनों दोस्तों के बीच बहस शुरू हो गई।
बहन पर टिप्पणी के बाद भड़के दोनों दोस्त
विवाद बढ़ने के दौरान हिमांशु ने योगेश्वर वर्मा की बहन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस बात से योगेश्वर और मनीष नाराज हो गए। गुस्से में दोनों ने हिमांशु पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने उस पर कई बार चाकू से वार किए, जिससे उसके पेट में गंभीर चोट आई।
रातभर तलाश के बाद दोनों गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हिमांशु को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगे के उपचार के लिए एम्स रेफर किया गया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। रातभर पतासाजी के बाद पुलिस ने योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छू और मनीष लोनहारे उर्फ पीला को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
तीनों पहले से थे दोस्त
पुलिस के अनुसार हमले में शामिल दोनों युवक और घायल हिमांशु एक-दूसरे को पहले से जानते थे। तीनों दोस्त हैं और घटना से पहले साथ बैठकर शराब पी रहे थे। मामूली विवाद के बाद हुई आपत्तिजनक टिप्पणी ने मामला इतना बढ़ा दिया कि दोस्त ही एक-दूसरे के खिलाफ हो गए और चाकूबाजी की घटना हो गई।
