राखी जलाशय में डूबे 17 वर्षीय युवक का शव बरामद, SDRF की टीम ने 45 फीट गहराई में चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

दुर्ग। बालोद जिले के दल्ली राजहरा स्थित राखी जलाशय में डूबे एक 17 वर्षीय युवक का शव एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और गहरे पानी में सर्च अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार कंट्रोल रूम दुर्ग को राखी जलाशय में एक बालक के डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ दुर्ग की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ के डिप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जघेल ने करीब 45 फीट गहरे पानी में उतरकर युवक की तलाश की। कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को पानी से बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान आशीष कुमार पिता झुमुकलाल उम्र 17 वर्ष निवासी खम्हार टोला मानपुर चौकी के रूप में हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन में राजकुमार यादव, चंद्रप्रताप, राजू महानंद, आशीष, थानेश्वर और भूपेंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
