बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर: अगले सप्ताह सिर्फ दो दिन खुलेंगे बैंक, आज है ओपन

28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी बैंक हड़ताल, गांधी जयंती और रविवार के अवकाश से पांच दिन प्रभावित रहेगा बैंकिंग कामकाज

बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर: अगले सप्ताह सिर्फ दो दिन खुलेंगे बैंक, आज है ओपन

भिलाई। बैंक ग्राहकों के लिए अगले सप्ताह बैंकिंग सेवाओं को लेकर महत्वपूर्ण खबर है। 28 से 30 सितंबर 2026 तक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक अधिकारी और कर्मचारी देशव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। इसके बाद 2 अक्टूबर को गांधी जयंती का अवकाश और रविवार की छुट्टी होने के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। ऐसे में अगले सप्ताह ग्राहकों को नियमित बैंकिंग कार्य के लिए केवल दो दिन ही बैंक खुलने का अवसर मिलेगा। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था समेत विभिन्न लंबित मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल प्रस्तावित है। हड़ताल के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में नियमित कामकाज प्रभावित रहेगा।

जमा-निकासी से लेकर लोन तक के काम हो सकते हैं प्रभावित

हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में जमा-निकासी, नया खाता खोलने, ई-केवाईसी, ऋण संबंधी कार्य और बिल भुगतान जैसे कई काम प्रभावित होने की संभावना है। हालांकि डिजिटल बैंकिंग, एटीएम और ऑनलाइन सेवाओं की उपलब्धता अलग-अलग बैंक और सेवा के अनुसार बनी रह सकती है। तीन दिवसीय हड़ताल के बाद 1 अक्टूबर, गुरुवार को बैंक खुलेंगे। इसके अगले दिन 2 अक्टूबर, शुक्रवार को गांधी जयंती के कारण बैंक बंद रहेंगे। 3 अक्टूबर, शनिवार को बैंक खुलेंगे, जबकि 4 अक्टूबर, रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इस तरह लगातार हड़ताल और अवकाश के कारण ग्राहकों को अगले सप्ताह बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज के लिए सीमित अवसर मिलेंगे।

26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव के अनुसार, कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर यह हड़ताल की जा रही है। वहीं मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि यदि तीन दिवसीय हड़ताल के बाद भी मांगों का समाधान नहीं होता है तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया गया है। बैंक ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि हड़ताल और अवकाश के दौरान शाखा से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए पहले से योजना बना लें, ताकि उन्हें अंतिम समय पर परेशानी का सामना न करना पड़े।