साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनजीओ के खाते से करोड़ों के संदिग्ध ट्रांजेक्शन, भिलाई के मितेश सोनी सहित साइबर फ्रॉड गैंग के 5 सदस्य पकड़े गए

साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनजीओ के खाते से करोड़ों के संदिग्ध ट्रांजेक्शन, भिलाई के मितेश सोनी सहित साइबर फ्रॉड गैंग के 5 सदस्य पकड़े गए

रायगढ़। साइबर पुलिस को एक बड़े ऑनलाइन फ्रॉड मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी से जुड़े गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह देश के अलग-अलग राज्यों में सक्रिय साइबर फ्रॉड नेटवर्क को बैंक खाते उपलब्ध कराता था, जिनके माध्यम से करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन किए जाते थे।

मामले की शुरुआत इंदिरानगर रायगढ़ निवासी सामाजिक कार्यकर्ता आयशा परवीन की शिकायत से हुई। उन्होंने 12 मार्च को साइबर थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने बताया कि दिसंबर 2025 में उनके भांजे ने उनकी पहचान अभय यादव और विजय चंद्रा से कराई थी। विजय चंद्रा ने उन्हें बताया कि एक कंपनी CSR फंड के माध्यम से सामाजिक संस्थाओं को अनुदान देना चाहती है। इस भरोसे के आधार पर महिला से उनके एनजीओ के पंजीयन से जुड़े दस्तावेज लिए गए।

कुछ समय बाद विजय चंद्रा ने महिला का संपर्क अजय साहू और सचिन चौहान से कराया। आरोपियों ने महिला को विश्वास में लेकर उसके संस्थान के नाम से एक्सिस बैंक में एक खाता खुलवाया। खाता खुलने के बाद अजय यादव, जो पहले बैंक में काम कर चुका था, ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की प्रक्रिया पूरी कर MPIN और अन्य लॉगिन संबंधी जानकारी खुद ही सेट की और परीक्षण के लिए 10 रुपये ट्रांसफर कर जांच भी की। इसके बाद आरोपियों ने महिला को बताया कि अनुदान राशि और नौकरी से संबंधित प्रक्रिया के लिए उन्हें गुवाहाटी जाना होगा। आरोपियों ने महिला और उसके पति के लिए फ्लाइट टिकट और होटल में ठहरने की व्यवस्था भी कराई। गुवाहाटी पहुंचने के बाद होटल में दो अज्ञात व्यक्ति आए, जिन्होंने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उन्होंने महिला के मोबाइल में एक APK फाइल डाउनलोड कराई और कहा कि कंपनी के अधिकारी बैंक खाते की जांच करेंगे।

महिला के अनुसार इसके बाद कई दिनों तक आरोपियों ने उनका मोबाइल और बैंक से जुड़े दस्तावेज अपने पास रखे। लगभग एक सप्ताह तक उन्हें वहीं रोककर खाते से कई ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराए गए। 12 जनवरी 2026 को उन्हें वापस रायगढ़ भेज दिया गया।

रायगढ़ लौटने के बाद महिला को बैंक से कॉल आया कि उसके खाते में संदिग्ध लेनदेन हो रहे हैं। 14 जनवरी को बैंक ने स्पष्ट किया कि उसके खाते का उपयोग साइबर फ्रॉड गतिविधियों में किया जा रहा है। इसके बाद महिला को देश के विभिन्न राज्यों से ई-मेल मिलने लगे, जिनमें उसके खाते में साइबर ठगी से संबंधित रकम जमा होने की जानकारी दी गई।

जांच में सामने आया कि 29 दिसंबर 2025 से ही महिला के खाते में संदिग्ध ट्रांजेक्शन शुरू हो गए थे। जब महिला ने इस बारे में विजय चंद्रा से संपर्क किया तो उसने बैंक की गलती बताकर समय मांगा, लेकिन बाद में वह संपर्क से गायब हो गया।

महिला की शिकायत पर साइबर पुलिस थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत धारा 318(4) और 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में मितेश सोनी (31) निवासी भिलाई-3 जिला दुर्ग, विजय चंद्रा (35) निवासी ग्राम कटौत जिला सक्ती, अजय साहू (35) निवासी ढिमरापुर चौक रायगढ़, अभय यादव (23) निवासी कौहवाकुंडा रायगढ़ और सचिन चौहान (24) निवासी कलमीडिपा रायगढ़ शामिल हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अभय यादव पहले एक स्थानीय बैंक में काम कर चुका है। उसकी पहचान विजय चंद्रा से थी और विजय चंद्रा के माध्यम से अजय साहू और मितेश सोनी से संपर्क हुआ, जो पहले से साइबर फ्रॉड गैंग से जुड़े थे। इसी नेटवर्क के जरिए इन सभी को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां से उन्हें कॉरपोरेट बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम दिया जाता था। आरोपी विभिन्न राज्यों में सक्रिय साइबर फ्रॉड गैंग को ऐसे बैंक खाते उपलब्ध कराते थे, जिनका उपयोग ठगी की रकम के लेनदेन के लिए किया जाता था। इसके बदले उन्हें कुल रकम का 5 से 15 प्रतिशत तक कमीशन मिलता था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अब तक 25 से 30 बैंक खाते अलग-अलग राज्यों में उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि साइबर पुलिस के समन्वय पोर्टल पर पीड़ित महिला के खाते से जुड़े देशभर में 44 अलग-अलग साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करोड़ों रुपये के विवादित ट्रांजेक्शन हुए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

गिरफ्तार आरोपी

1. मितेश सोनी पिता तुल बहादुर सोनी उम्र 31 साल निवासी नॉर्थ उत्तर वसुंधरा नगर भिलाई-3 थाना भिलाई जिला दुर्ग

2. विजय चंद्रा पिता अमर सिंह चंद्रा उम्र 35 साल निवासी ग्राम कटौत थाना डभरा जिला सक्ती

3. अजय साहू पिता बरजू लाल साहू उम्र 35 साल लक्ष्मी हाइट के सामने ढिमरापुर चौक थाना सिटी कोतवाली रायगढ़

4. अभय यादव पिता गंगाराम यादव उम्र 23 साल निवासी कौहवाकुंडा पहाड़ मंदिर थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़

5. सचिन चौहान पिता संजू चौहान उम्र 24 साल निवासी कलमीडिपा थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़