दिल्ली से बिहार भाग रहा था कुख्यात चोर नासिर हुसैन, 300 किलोमीटर पीछा कर दुर्ग पुलिस ने दबोचा, 20 लाख की संपत्ति बरामद

पुलिस ने जनगणना अधिकारी और बकरा विक्रेता बनकर जुटाई थी जानकारी

दिल्ली से बिहार भाग रहा था कुख्यात चोर नासिर हुसैन, 300 किलोमीटर पीछा कर दुर्ग पुलिस ने दबोचा, 20 लाख की संपत्ति बरामद

भिलाई। नेहरू नगर, भिलाई और दुर्ग क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दुर्ग पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के सक्रिय और कुख्यात आरोपी नासिर हुसैन उर्फ आनस खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी को दिल्ली से बिहार भागने के दौरान करीब 300 किलोमीटर तक पीछा कर पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से दिल्ली के शाहीन बाग, मदनपुर खादर और नोएडा जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में लगातार ठिकाना बदलकर छिपा हुआ था। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी।

आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने बेहद गोपनीय और पेशेवर तरीके से काम किया। टीम ने पहले स्थानीय बकरा विक्रेताओं के बीच रहकर जानकारी जुटाई। इसके बाद जनगणना अधिकारी बनकर घर-घर जाकर आरोपी के ठिकानों और गतिविधियों की जानकारी निकाली। करीब 15 दिनों तक दिल्ली और नोएडा क्षेत्र में गुप्त पतासाजी की गई। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी चोरी के जेवर बेचकर खरीदी गई कार से बिहार के दरभंगा भाग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और यमुना एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार से भाग रहे आरोपी का पीछा शुरू किया। करीब 150 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भाग रहे आरोपी को लगभग 300 किलोमीटर पीछा करने के बाद आगरा रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2019 से मध्यप्रदेश, चंडीगढ़ और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में करोड़ों रुपये की चोरी की वारदातों में शामिल होना कबूल किया है। आरोपी ने बताया कि चोरी के पैसों से उसने करीब 10 लाख रुपये की सेकंड हैंड किआ सेल्टोस कार खरीदी थी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नगदी, डायमंड ब्रेसलेट, सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के, महंगे कपड़े और किआ सेल्टोस कार समेत लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद नासिर हुसैन उर्फ आनस खान उम्र 32 वर्ष निवासी शाहीन बाग और मदनपुर खादर, नई दिल्ली तथा मूल निवासी दरभंगा बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही गिरोह के अन्य आरोपी हाशिम खान, ज्वेलरी कारोबारी सलीम खान और बिलासपुर निवासी शाहिल को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी आरोपियों से चोरी की संपत्ति बरामद की गई थी। दुर्ग पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली से लेकर आई और न्यायालय में पेश किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी
मोह० नासीर हुसैन उर्फ आनस खान पिता मोह० आरीफ उम्म्र 32 साल पता बी-42 गली नंबर 5 जी एफ मदनपुर खादर थाना कालीनिव्री कुंज सरिता विहार साउथ दिल्ली एवं मकान नंबर सी 276 सेकण्ड फ्लोर बड़ी मस्जिद के पास शाहिन बाग थाना शाहिन बाग साउथ नई दिल्ली, ग्राम तिलकपुर वाई क्रमांक 22 थाना तिलकेश्वर जिला दरभंगा बिहार

जप्त सामग्रीः-

1. नगदी रकम 1,22,000 एक लाख बाईस हजार रू०,

2. डायमंड का ब्रेसलेट (एक नग) कीमती 7,00,000/-रू० सात लाख रू०

3. अमेरिकन डायमंड 50,000/- रू0 पच्चास हजार रू०

4. सोने का आभूषण 7.500 ग्राम सोना

5. चांदी के सिक्के एवं आभूषण 5.60 ग्राम

6. नये कपड़े 3,00,000/- रू तीन लाख रू०

7. किया (सेलटास) कंपनी की कार क्रमांक डीएल-4सी-एजेड-7383 कीमती 8,00,000/-रू० आठ लाख कुल कीमती लगभग 20,00,000/- रू० (बीस लाख रू०)