भिलाई में 26-27 सितंबर को छत्तीसगढ़ राज्य पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता

250 महिला-पुरुष खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी होंगे शामिल; विजेताओं का वेस्ट जोन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन

भिलाई में 26-27 सितंबर को छत्तीसगढ़ राज्य पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता

भिलाई। छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में 26 एवं 27 सितंबर को ऑफिसर्स एसोसिएशन-बीएसपी बिल्डिंग, प्रगति भवन, सिविक सेंटर भिलाई में छत्तीसगढ़ राज्य पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर्स वर्ग के करीब 250 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

प्रतियोगिता में 9 पुरुष और 9 महिला भार समूहों में खिलाड़ी अपनी शक्ति और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इसमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके खिलाड़ी भी शामिल होंगे।

इंटरनेशनल पावरलिफ्टिंग फेडरेशन और पावरलिफ्टिंग इंडिया के नियमों के अनुसार आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रमाणित निर्णायक और जूरी सदस्य मौजूद रहेंगे। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक, प्रमाण पत्र और नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट लिफ्टर ऑफ छत्तीसगढ़ के खिताब से सम्मानित किया जाएगा।

वेस्ट जोन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन नवंबर में दुर्ग में होने वाली वेस्ट जोन राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ टीम में किया जाएगा। प्रत्येक वर्ग की प्रतियोगिता पूरी होने के बाद विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए जाएंगे।

दो चरणों में होगी प्रतियोगिता

प्रतियोगिता का पहला चरण 26 सितंबर को पुरुष वर्ग के साथ होगा। वहीं महिला खिलाड़ियों की प्रतियोगिता 27 सितंबर को सुबह 8 बजे से आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन 26 सितंबर को सुबह 10 बजे होगा।

उद्घाटन समारोह में दुर्ग एसएसपी आईपीएस विजय अग्रवाल, ऑफिसर्स एसोसिएशन बीएसपी के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार बनछोर, महासचिव अंकुर मिश्रा, भारतीय पंजा कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष एवं समाजसेवी जी. सुरेश (बाबे) सहित अन्य अतिथि शामिल होंगे। प्रतियोगिता का समापन समारोह 27 सितंबर को शाम 4 बजे होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश जैन बरमेचा करेंगे।

यह जानकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश जैन बरमेचा एवं महासचिव कृष्णा साहू ने संयुक्त रूप से दी।