बच्चों ने संभाली ट्रैफिक जागरूकता की कमान, मम्मी-पापा से कहा हेलमेट पहनकर चलाना गाड़ी

ट्रैफिक पार्क में डीपीएस रिसाली के विद्यार्थियों ने सीखे सड़क सुरक्षा के नियम, अभिभावकों को भी दिया सुरक्षित यातायात का संदेश

बच्चों ने संभाली ट्रैफिक जागरूकता की कमान, मम्मी-पापा से कहा हेलमेट पहनकर चलाना गाड़ी

दुर्ग। सड़क सुरक्षा का पाठ अब बच्चे अपने माता-पिता को भी पढ़ा रहे हैं। दुर्ग यातायात पुलिस की एक अनूठी पहल में डीपीएस रिसाली के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने ट्रैफिक पार्क पहुंचकर यातायात नियमों की जानकारी ली और खुद सड़क सुरक्षा के संदेशवाहक बन गए। बच्चों ने अपने माता-पिता और परिजनों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने की अपील की।

यातायात पुलिस दुर्ग ने 17 नवंबर को विद्यार्थियों के लिए ट्रैफिक पार्क का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया। इस दौरान बच्चों को ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेतक, जेब्रा क्रॉसिंग और सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने की जानकारी दी गई। नियमों को केवल किताबी जानकारी तक सीमित न रखते हुए उन्हें व्यावहारिक रूप से समझाया गया।

बच्चों को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और कार में सीट बेल्ट लगाना बेहद जरूरी है। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की समझाइश भी दी गई।

कार्यक्रम का सबसे खास पहलू बच्चों की अपील रही। उन्होंने अपने माता-पिता से कहा, मम्मी-पापा, हेलमेट पहनकर ही गाड़ी चलाना, कार में सीट बेल्ट लगाना, तेज रफ्तार से बचना और गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात मत करना। सुरक्षित घर लौटना है, हमें आपका इंतजार है।

यातायात पुलिस की इस पहल का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से प्रत्येक परिवार तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाना है। पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और बच्चों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।