नारायणपुर में संयुक्त अभियान, चालचेर के जंगलों से हथियार और नक्सल सामग्री बरामद

आत्मसमर्पित माओवादी कैडर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस और बीएसएफ की कार्रवाई, हथियार, कारतूस और संचार उपकरण जब्त

नारायणपुर में संयुक्त अभियान, चालचेर के जंगलों से हथियार और नक्सल सामग्री बरामद

नारायणपुर। नारायणपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को बड़ी सफलता मिली है। थाना ओरछा क्षेत्र के चालचेर जंगलों में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, कारतूस, संचार उपकरण और अन्य नक्सल सामग्री बरामद की गई है। यह कार्रवाई आत्मसमर्पित माओवादी कैडर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर की गई।

पुलिस के अनुसार, जिले में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 24 नवंबर को 86वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल और थाना ओरछा के जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम ने चालचेर के जंगलों में सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई।

हथियार और अन्य सामग्री बरामद

संयुक्त अभियान में हथियार, कारतूस, मैगजीन और संचार उपकरण सहित कई सामग्री जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक बरामद सामग्री में एसएलआर और इंसास राइफल, देशी कट्टा, कारतूस, मैगजीन, वॉकी-टॉकी सेट, अतिरिक्त बैटरी और लेजर पॉइंटर पेन शामिल हैं।

पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई

यह अभियान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल और बीएसएफ के क्षेत्रीय मुख्यालय के उप महानिरीक्षक देशमुख परिस अनिल के निर्देशन में संचालित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, ऐश्वर्य चंद्राकर, 86वीं वाहिनी बीएसएफ के समादेष्टा धनंजय सिंह और छोटेडोंगर एसडीओपी मनोज मंडावी के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।