चरित्र पर संदेह में पति ने पत्नी की डंडे से पीटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार












बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। घटना के दिन मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति से बातचीत और दो वर्षीय बेटे को साथ ले जाने की जिद से नाराज होकर उसने पत्नी के सिर पर लकड़ी के डंडे से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना ग्राम कोटागहना की है। मामले में 16 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत कोटागहना के उपसरपंच अनिल तिवारी ने राजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी रामवृक्ष कोरवा उर्फ पिंटू (35), पिता जागर कोरवा, निवासी ग्राम कोटागहना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल पर बातचीत से नाराज होकर किया हमला
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी अपनी पत्नी चिंतामणि कोरवा के चरित्र पर संदेह करता था। पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन चिंतामणि मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति से बातचीत कर रही थी। इसी दौरान वह अपने दो वर्षीय बेटे रयांश कोरवा को साथ ले जाने की जिद कर रही थी। इन बातों से नाराज होकर आरोपी ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
डंडा और कपड़े जब्त, आरोपी न्यायालय में पेश
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने, गवाहों के बयान दर्ज करने और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मामले में घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और मृतका के कपड़े जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को 17 अक्टूबर 2026 की रात 7:10 बजे गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय भेजा गया। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
