रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव से मिले शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, कहा- पूरे छत्तीसगढ़ और यादव समाज का बढ़ाया मान
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल जीतने पर दी बधाई, 30 लाख की प्रोत्साहन राशि और डीएसपी पदोन्नति की घोषणा को बताया खिलाड़ियों के सम्मान का प्रतीक।

रायपुर। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव से प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री एवं राजनांदगांव जिले के प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव ने अपने निवास पर आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ज्ञानेश्वरी यादव को ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने ग्लासगो में आयोजित महिला 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे प्रदेश और विशेष रूप से यादव समाज के लिए गर्व का विषय है। मंत्री ने इस अवसर पर मौजूद ज्ञानेश्वरी के परिजनों को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति की घोषणा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह राज्य सरकार की खेल प्रतिभाओं के प्रति सम्मान और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अंत में शिक्षा मंत्री ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी तथा प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।