दुर्ग में फेक मैरिज पार्टी पर बवाल, हिंदू संगठनों के विरोध के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

दुर्ग में फेक मैरिज पार्टी पर बवाल, हिंदू संगठनों के विरोध के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

दुर्ग। दुर्ग में आयोजित होने जा रही एक कथित “फेक मैरिज पार्टी” को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हिंदूवादी संगठनों के विरोध के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए रिसॉर्ट मैनेजर के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, करंजा भिलाई स्थित कोसी रिसॉर्ट में 30 मई को “फेक मैरिज पार्टी” नाम से एक आयोजन प्रस्तावित था। इस कार्यक्रम की जानकारी सोशल मीडिया और इंटरनेट मीडिया के जरिए आसपास के ग्रामीणों और हिंदू संगठनों को मिली।

इसके बाद हिंदूवादी युवा मंच और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कार्यक्रम का विरोध जताया। संगठनों का आरोप है कि इस तरह के आयोजन हिंदू विवाह संस्कार और सनातन परंपराओं का मजाक उड़ाने जैसे हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। हिंदू युवा मंच भिलाई नगर के संयोजक अमिताभ वर्मा ने कहा कि हिंदू विवाह केवल सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन धर्म का पवित्र संस्कार है। ऐसे आयोजनों से समाज में गलत संदेश जाता है और धार्मिक मान्यताओं का अपमान होता है।

मंगलवार को बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता जेवरा सिरसा पुलिस चौकी पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए फेक मैरिज जैसे आयोजनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। इस संबंध में पुलिस को ज्ञापन भी सौंपा गया। इधर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोसी रिसॉर्ट के मैनेजर ब्रह्मदत्त पांडेय के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है।