तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा भारी: साउंड संचालक पर कार्रवाई, सिस्टम जब्त

बिलासपुर। जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में तेज आवाज में डीजे बजाना एक साउंड संचालक को भारी पड़ गया। पुलिस ने कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर साउंड सिस्टम जब्त कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुंआ में एक डीजे संचालक बिना अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के अत्यधिक तेज आवाज में साउंड सिस्टम चला रहा था। आसपास के लोगों द्वारा इसकी शिकायत किए जाने पर तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।

जांच के दौरान पाया गया कि डीजे निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में बजाया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है। आरोपी की पहचान ज्ञान प्रकाश कैवर्त (22 वर्ष), निवासी ग्राम मोढे थाना तखतपुर के रूप में हुई है। वह वाहन क्रमांक CG 10 AR 8856 में साउंड सिस्टम लगाकर सार्वजनिक स्थान पर डीजे संचालित कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा 15 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4 बेस बॉक्स, 2 टॉप बॉक्स, 2 हाई ट्यूटर, 2 एम्पलीफायर और 2 पार लाइट जब्त किए। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसडीओपी कोटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तखतपुर की टीम द्वारा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर जिले में इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी है।
