स्टेशन मरोदा में नशीली कैप्सूल बेचते दो आरोपी गिरफ्तार, 80 कैप्सूल और 6,080 रुपये जब्त

शीतला तालाब के पास पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, दो मोबाइल भी बरामद; NDPS एक्ट में कार्रवाई

स्टेशन मरोदा में नशीली कैप्सूल बेचते दो आरोपी गिरफ्तार, 80 कैप्सूल और 6,080 रुपये जब्त

भिलाई, 27 सितंबर। दुर्ग पुलिस ने सूखा नशा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्टेशन मरोदा के शिवपारा क्षेत्र में कथित रूप से नशीली दवाओं की अवैध बिक्री कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नेवई पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 80 नग SPASMO कैप्सूल, 6,080 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टेशन मरोदा, शिवपारा क्षेत्र में दो व्यक्ति नशीली दवाइयों की बिक्री कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ शीतला तालाब के पास पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान भोजराज मारकण्डे उर्फ भोजू (36) निवासी शिवपारा, ग्राम पुरई, थाना उतई और चंद्रशेखर साहू उर्फ शेखर साहू (32) निवासी शिवपारा के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान पुलिस को दोनों के कब्जे से 80 नग नीले रंग की SPASMO कैप्सूल मिलीं। पुलिस के मुताबिक कैप्सूल का कुल वजन 48 ग्राम है। कैप्सूल के संबंध में आरोपियों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। पुलिस ने नशीली दवाओं की बिक्री से प्राप्त बताए गए 6,080 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 637/2026 में धारा 22(बी), 27(क) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को 27 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय दुर्ग भेजा गया।