पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ, पहले दिन 150 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पुरुषों के पांच वजन वर्गों में हुई जोरदार प्रतिस्पर्धा

पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ, पहले दिन 150 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पुरुषों के पांच वजन वर्गों में हुई जोरदार प्रतिस्पर्धा

भिलाई, 27 सितंबर। छत्तीसगढ़ राज्य पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार 26 सितंबर को भिलाई में दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने उत्साह और जोश के साथ प्रतियोगिता में अपनी दावेदारी पेश की।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अंकुर मिश्रा, महासचिव बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन, अखिलेश मिश्रा, बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन तथा मीडिया प्रभारी एवं तीरंदाज मयंक चतुर्वेदी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष तुलसी सोनी ने की। इस अवसर पर महासचिव कृष्णा साहू, कोषाध्यक्ष संतोष देवांगन, संघ के पदाधिकारी एवं निर्णायक उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के पहले दिन देर रात तक पुरुष वर्ग के 53, 59, 66, 74 और 83 किलोग्राम वजन वर्गों में मुकाबले हुए। इन वर्गों में करीब 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रायगढ़, बिलासपुर, सारंगढ़, चांपा, मनेंद्रगढ़, कोंडागांव, सूरजपुर, रायपुर, भिलाई, दुर्ग, कवर्धा, बलौदाबाजार, मुंगेली, नारायणपुर, बालोद, धमतरी, डल्लीराजहरा, जगदलपुर, बस्तर, भानुप्रतापपुर और कांकेर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन किया।

जोरदार बारिश के बावजूद शुक्रवार दोपहर से ही खिलाड़ियों के भिलाई पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। खराब मौसम भी खिलाड़ियों के उत्साह को कम नहीं कर सका। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी के साथ प्रतियोगिता में मुकाबले देर रात तक चलते रहे।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन पुरुष वर्ग के 93, 105, 120 और 120 प्लस किलोग्राम वजन वर्गों के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। इसके बाद महिला वर्ग में 43, 47, 52, 57, 63, 69, 76, 84 और 84 प्लस किलोग्राम वजन वर्गों में खिलाड़ी अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगी।

दूसरे दिन छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश जैन बरनेचा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली पावरलिफ्टरों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना और खेल के प्रति युवाओं की रुचि को बढ़ावा देना है।