गांजा बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 1.330 किलो गांजा और 1700 रुपये नकद बरामद

गांजा बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 1.330 किलो गांजा और 1700 रुपये नकद बरामद

दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र की चौकी जेवरा सिरसा पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.330 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 65 हजार रुपये है, और 1700 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:45 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम करंजा भिलाई में वेयर हाउस गोडाउन के सामने नहर किनारे एक व्यक्ति गांजा बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी अनिल पारधी (42) को पकड़ा। तलाशी के दौरान अनिल के कब्जे से सफेद रंग के थैले में रखा 1.330 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 700 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

पूछताछ में अनिल ने पुलिस को बताया कि वह गांजा देवा पारधी निवासी मुंगेली से खरीदकर लाता था। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आपूर्तिकर्ता बताए जा रहे देवा पारधी को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से गांजा बिक्री से प्राप्त 1000 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 0841/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b) एवं 27(a) के अंतर्गत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।