पुरानी रंजिश में युवक के पेट पर धारदार हथियार से वार, दो आरोपी गिरफ्तार

रामनगर में रात 9:30 बजे हुआ विवाद, पुलिस ने हमले में इस्तेमाल हथियार किया जब्त

पुरानी रंजिश में युवक के पेट पर धारदार हथियार से वार, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई, 27 सितंबर। रामनगर मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 26 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे की है। वैशाली नगर पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार घायल शिवांशकर रामनगर मोहल्ले के पास बैठा था। इसी दौरान टेकचंद साहू उर्फ सोनू और विशाल सिंह वहां पहुंचे। दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज और विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर टेकचंद साहू उर्फ सोनू ने जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार हथियार से शिवांशकर के पेट में वार कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया।

घटना के बाद परिजन घायल को उपचार के लिए सुपेला अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर वैशाली नगर पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 364/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। विवेचना के दौरान आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में टेकचंद साहू उर्फ सोनू (24), निवासी गणेश चौक, रामनगर मुक्तिधाम क्षेत्र और विशाल सिंह (31), निवासी कुरूद, थाना जामुल शामिल हैं।

पुलिस ने मामले में धारा 296, 115(2), 109(3)(5) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।