कोहका क्षेत्र को वैशाली नगर थाना में जोड़ने की मांग तेज, एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

कोहका क्षेत्र को वैशाली नगर थाना में जोड़ने की मांग तेज, एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

भिलाई। कोहका क्षेत्र को स्मृति नगर चौकी से हटाकर वैशाली नगर थाना में शामिल करने की मांग अब तेज हो गई है। जनहित संघर्ष समिति ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जल्द निर्णय लेने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि कोहका क्षेत्र वर्तमान में स्मृति नगर पुलिस चौकी के अंतर्गत आता है, जो यहां से करीब 4 किलोमीटर दूर स्थित है। जबकि वैशाली नगर थाना महज आधा किलोमीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद क्षेत्रवासियों को छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए दूर स्थित चौकी तक जाना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आपात स्थिति में दूरी बड़ी समस्या बन जाती है। समय पर पुलिस सहायता नहीं मिल पाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

जनहित संघर्ष समिति के संयोजक शारदा गुप्ता ने कहा कि जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए कोहका क्षेत्र को निकटतम वैशाली नगर थाना में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को त्वरित और बेहतर पुलिस सेवाएं मिल सकें।

इस मांग को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजा गया है, जिसमें शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।

ज्ञापन में कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने समर्थन जताते हुए प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की अपील की है।