तेहरान में ईंधन भंडारण केंद्रों पर बड़ा हमला, इस्राइल ने की पुष्टि… पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ा

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इस्राइल ने ईरान की राजधानी तेहरान में बड़े हमले की पुष्टि की है। इस्राइली सेना के अनुसार तेहरान में कई ईंधन भंडारण परिसरों को निशाना बनाया गया।

हमलों के बाद शहर के कई इलाकों में भीषण आग लग गई और आसमान में घना धुआं फैलता देखा गया। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दक्षिण तेहरान में स्थित एक बड़े तेल डिपो पर भी हमला हुआ है।

रिपोर्ट्स के अनुसार यह पहली बार है जब ईरान के तेल ढांचे को इस स्तर पर निशाना बनाया गया है। ईरान की सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि दक्षिण तेहरान के एक बड़े तेल भंडारण केंद्र पर अमेरिका और इस्राइल की ओर से हमला किया गया।

समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक हमले में तेल डिपो को निशाना बनाया गया, हालांकि पास स्थित मुख्य रिफाइनरी की सुविधाओं को नुकसान नहीं पहुंचने की बात भी सामने आई है। इस्राइली सेना ने अपने बयान में कहा है कि जिन ईंधन भंडारण परिसरों पर हमला किया गया, उनका इस्तेमाल ईरान के सैन्य ढांचे के संचालन में किया जाता था।